आदर्श विद्या मंदिर सुजानगढ़
(Adarsh Vidya Mandir Sujangarh)
विद्या भारती द्वारा सेवा क्षेत्र के साथ-साथ विशेष रूप से सेवा बस्तियों में भी शिक्षा के माध्यम से समाज सेवा का कार्य किया जा रहा है। सेवा बस्ती विद्यालयों का उद्देश्य ऐसे क्षेत्रों के बालकों को कम शिक्षण शुल्क के माध्यम से उच्च गुणवत्तापूर्ण, संस्कारयुक्त एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक परिस्थितियाँ किसी भी बालक की शिक्षा में बाधा न बनें। इसी सेवा कार्य को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में सुजानगढ़ के भामाशाह श्री केशव जी पारीक द्वारा अपने सुपुत्र स्वर्गीय विशाल जी पारीक की स्मृति में सुजानगढ़ विद्या मंदिर के लिए एक भव्य एवं आधुनिक विद्यालय भवन का निर्माण करवाकर विद्यालय को भेंट किया जा रहा है। यह भवन केवल ईंट-पत्थरों से निर्मित एक संरचना नहीं, बल्कि सेवा, शिक्षा, संस्कार और समाज के प्रति समर्पण की एक अनुपम मिसाल है। श्री केशव जी पारीक का यह पुनीत प्रयास आने वाली पीढ़ियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करेगा तथा स्वर्गीय विशाल जी पारीक की स्मृति को सदैव जीवंत बनाए रखेगा। इस विद्यालय का नाम “श्री विशाल केशव आदर्श विद्या मंदिर, सुजानगढ़” रखा गया है। यह विद्यालय सेवा बस्ती के बालकों के सर्वांगीण विकास, संस्कार निर्माण एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।